वन गेम, वन ड्रीम, वन गोल की हुंकार के साथ इस शुक्रवार से सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल में छह दिवसीय सीबीएसई ईस्ट जोन प्री-सुब्रतो कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन होने जा रहा है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता शुक्रवार से बुधवार तक आयोजित की जाएगी, जिसमें उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड की चयनित टीमें हिस्सा लेंगी। इस आयोजन की कमान खुद स्कूल के प्रबंध निदेशक जोरावर सिंह सलूजा संभाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि हमारा उद्देश्य गिरिडीह को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी एक विशेष पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि जोनल स्तर की इस प्रतियोगिता की मेजबानी करना हमारे लिए गर्व की बात है और हमारा विद्यालय परिवार इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। सभी टीमों के ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था कर दी गई है तथा उम्मीद है कि प्रतिभागी टीमें गुरुवार शाम तक स्कूल परिसर में पहुँच जाएंगी। जोरावर सिंह सलूजा ने विश्वास जताया कि यह टूर्नामेंट न केवल रोमांच से भरपूर होगा, बल्कि यह युवाओं में खेल भावना को भी प्रोत्साहित करेगा और जिले की प्रतिभाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।












