गिरिडीह : गिरिडीह के साइंस वर्ल्ड सभागार में आज पार्श्वनाथ महोत्सव का 7वां वार्षिक आयोजन धूमधाम से संपन्न हुआ। ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और ‘सत्यम् शिवम् सुंदरम्’ की भावना को चरितार्थ करते इस महोत्सव में मुख्य अतिथि डॉ. मंजू कुमारी (विधायक, जमुआ), विशिष्ट अतिथि एसडीओ सुभाशीष और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। मां सरस्वती की वंदना और ओज कवि विशाल पंडित के शानदार मंच संचालन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस मौके पर गिरिडीह और अन्य जिलों के कवियों ने काव्यांजलि दी और ऑनलाइन कार्यक्रम में देशभर के साहित्यकार, कलाकार और शिक्षाविदों ने भाग लिया। इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य भारत की सांस्कृतिक और शैक्षिक विरासत को समृद्ध करना था। साथ ही, विश्व सनातन विश्वविद्यालय निर्माण आंदोलन की मशाल भी इस अवसर पर जलाई गई, जिसे सभी का जोरदार समर्थन मिला। ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. सुरेश वर्मा ने इस आंदोलन के लिए सबको एकजुट होने का आह्वान किया। कवि पूर्णिमा सुमन की गायकी और सुरेश वर्मा की रचना ने आयोजन को भावपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट के सात वर्षों के संघर्ष को याद करते हुए अतिथियों और साहित्यकारों का आभार व्यक्त किया गया।













