गिरिडीह : गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड में एक गुप्त सूचना के आधार पर प्रशासन ने अवैध शराब निर्माण और अवैध माइका भंडारण का भंडाफोड़ किया है। सूचना के मुताबिक, गोल्डन फ्यूचर पब्लिक स्कूल की खिजुरी शाखा में शराब बनाने के लिए उपयोग होने वाली सामग्री छिपाई गई थी। छापेमारी के दौरान स्कूल से शराब बनाने का कोई सामान तो नहीं मिला, लेकिन वर्षों से स्टॉक किया हुआ 8 क्विंटल माइका बरामद हुआ। प्रशासन ने स्कूल की शाखा को सील कर दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा, जांच टीम को जानकारी मिली कि स्प्रिट की खेप को कहीं और शिफ्ट कर दिया गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी टीम ने खिजुरी से लगभग ढाई किलोमीटर दूर गजवाकुरा गांव में एक अर्धनिर्मित मकान से 35 लाख रुपए मूल्य का साढ़े 3 सौ गैलन स्प्रिट बरामद किया। टीम में तिसरी बीडीओ मनीष कुमार, सीओ अखिलेश्वर प्रसाद, और उत्पाद विभाग के एसआई महेंद्र देवगम समेत पुलिस और वन विभाग के अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि धंधेबाजों को चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शिक्षा के मंदिर को अवैध गतिविधियों के लिए उपयोग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।













