गिरिडीह लगातार बढ़ती ठंड और घने कोहरे ने शहर की रफ्तार थाम दी है। बुधवार की सुबह करीब 9 बजे तक गिरिडीह पूरा शहर कोहरे की चादर में लिपटा रहा, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। दृश्यता कम होने के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। ठंड के इस प्रकोप का सबसे ज्यादा असर दिहाड़ी मजदूरों पर पड़ा, जिनके लिए रोज़गार और काम पर निकलना मुश्किल हो गया।

ठंड से बचाव के लिए शहर के कई इलाकों में लोग अलाव तापते दिखाई दिए। सुबह-सुबह बाजारों और चौक-चौराहों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल रही। कोहरे और ठंड के कारण बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत महसूस की जा रही है। मौसम के इस मिजाज ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में ठंड का असर और तेज हो सकता है।












