वेनेजुएला पर अमेरिकी हस्तक्षेप के विरोध में रविवार को सीपीआई (एमएल) माले की गिरिडीह जिला कमेटी ने पपरवाटांड स्थित जिला कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। बैठक के उपरांत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन कर अमेरिका विरोधी नारे लगाए गए। इस दौरान 16 जनवरी को शहीद कॉमरेड महेंद्र सिंह की शहादत को भी याद किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के दर्जनों नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रेस को संबोधित करते हुए माले के वरिष्ठ नेता सह पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को आंखों पर पट्टी बांधकर अमेरिका ले जाना मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका तेल भंडार पर कब्जे की नीयत से लोकतंत्र और संप्रभुता को कुचल रहा है। जिला सचिव अशोक पासवान ने भारत सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए और जमुआ में हो रही गोलीबारी पर प्रशासन से संज्ञान लेने की मांग की। वरिष्ठ नेता पूरन महतो और राजेश सिन्हा ने अमेरिकी तानाशाही के खिलाफ जनएकजुटता का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनसमस्याओं—मजदूरों की बहाली और विस्थापन—पर भी चर्चा हुई।













