गिरिडीह में उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिला स्तरीय ट्रांसजेंडर कल्याण बोर्ड की बैठक में स्पष्ट कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी ट्रांसजेंडरों की शिक्षा, आजीविका, स्वास्थ्य और सामाजिक स्थिति की विस्तृत मैपिंग की जाए। प्रशासन जल्द विशेष अभियान चलाकर ट्रांसजेंडर आईडी कार्ड जारी करेगा, जिसमें समुदाय की निजता की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही वोटर आईडी, आधार कार्ड, राशन कार्ड और आभा कार्ड जैसे सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें।

उपायुक्त ने कहा कि ट्रांसजेंडर समाज का सम्मान और अधिकार सुनिश्चित करना जिला प्रशासन का दायित्व है। इसी लक्ष्य के तहत उन्हें कौशल विकास प्रशिक्षण, लघु उद्योग, स्वयं सहायता समूह और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत कई अधिकारी और ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले का प्रत्येक ट्रांसजेंडर सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन जी सके।













