जमुआ प्रखंड के बदडीहा-1 पंचायत में जन वितरण प्रणाली की दुकान ग्रामीणों के लिए परेशानी का केंद्र बनी हुई है। संचालक नारायण देव के दुकान पर POS मशीन केवल बिजली रहने पर ही चलती है, जिससे बिजली कटते ही फिंगरप्रिंट नहीं हो पाता और लाभुकों को खाली हाथ लौटना पड़ता है। मशीन को मरम्मत के लिए भेजने और बैटरी बदलने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि संचालक को कई बार मशीन लेकर दूसरे घरों में इनवर्टर के सहारे बायोमेट्रिक करना पड़ता है, जिससे प्रक्रिया असुविधाजनक और समय-साध्य हो जाती है।

तकनीकी समस्या के साथ अब अनाज कटौती ने भी लाभुकों का गुस्सा बढ़ा दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि महीनों से प्रति कार्ड 2 किलो अनाज कम दिया जा रहा है—जहाँ 20 किलो मिलना चाहिए वहाँ 18 किलो ही मिल रहा है। लगातार खराब मशीन और विभागीय उदासीनता के कारण कई परिवारों का मासिक चावल लेप्स हो जाता है। ग्रामीणों ने POS मशीन बदलने, OTP-आधारित वैकल्पिक व्यवस्था शुरू करने और कटौती की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।












