राजधनवार थाना क्षेत्र के अंबाटांड़ में 13 नवंबर को हुई महिला की निर्मम हत्या का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। गुरुवार को खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने प्रेस वार्ता कर बताया कि महिला शांति देवी की हत्या उसके पति गंगा प्रसाद सिंह ने ही की थी। आरोपी ने पत्नी का गला रेतकर सिर धड़ से अलग कर करीब 100 मीटर दूर फेंक दिया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त छुरा, टॉर्च समेत अन्य सामान जब्त किया है। घटना दर्ज होने के बाद राजधनवार थाना पुलिस की एक विशेष टीम ने तकनीकी और गोपनीय इनपुट के आधार पर लगातार जांच शुरू की थी।
पकड़े जाने पर गंगा प्रसाद सिंह ने स्वीकार किया कि उसकी पत्नी लंबे समय से बीमार रहती थी तथा मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। साथ ही वह शंकर ओझा के साथ सात साल से चल रहे जमीन विवाद को लेकर उन्हें फंसाने की योजना बना रहा था। इसी मंशा से उसने पत्नी की हत्या कर साजिश रची। टीम में जमुआ पुलिस अंचल निरीक्षक प्रदीप कुमार, सत्येंद्र कुमार, मणिकांत कुमार, महेश चंद्र, धर्मेंद्र कुमार अग्रवाल, सुजीत कुमार सिंह और जोधन महतो समेत कई अधिकारी शामिल थे।












