गिरिडीह में पांच साइबर अपराधी गिरफ्तार, तीन आईफोन समेत 12 मोबाइल फोन व 15 सिमकार्ड बरामद
गिरिडीह पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिले में सक्रिय पांच शातिर साइबर अपराधियों को धर दबोचा है। एसपी डॉ. विमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि गांडेय थाना क्षेत्र के बघरा रेलवे ओवरब्रिज के समीप कुछ साइबर अपराधी ठगी की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर पांचों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान जामताड़ा, देवघर और गिरिडीह जिलों के रहने वाले आफताब अंसारी, परवेज अंसारी, तफाजुल अंसारी, तबरेज अंसारी और नियाज अंसारी के रूप में की गई है। पुलिस ने इनके पास से तीन आईफोन, 12 मोबाइल फोन और 15 सिम कार्ड बरामद किए हैं। बताया गया कि ये सभी आरोपी व्हाट्सएप के माध्यम से एपीके फाइल भेजकर लोगों के बैंक खातों की जानकारी चुराने और विभिन्न सरकारी योजनाओं या बैंकों के नाम पर ठगी करने में लिप्त थे।
एसपी डॉ. विमल कुमार ने प्रेसवार्ता कर बताया कि गिरफ्तार अपराधी साइबर ठगी की दुनिया के हार्डकोर अपराधी हैं, जिनका नेटवर्क देवघर और जामताड़ा तक फैला हुआ है। ये आरोपी एसबीआई, आरबीएल बैंक, पीएम किसान योजना और एयरटेल पेमेंट बैंक जैसी संस्थाओं के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर उनके खातों से रुपये निकालते थे। अपराधियों द्वारा ठगी से प्राप्त राशि फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर कर आपस में बांट ली जाती थी। पुलिस अब इनसे जुड़े अन्य नेटवर्क की भी जांच में जुटी है और जल्द ही इनके अन्य साथियों को भी गिरफ्तार करने की बात कही है। इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के अलावा चंद्रनाथ उरांव, पुनीत गौतम, गुंजन कुमार और संजय मुखियार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। गिरिडीह पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल से सतर्क रहें और ऐसी किसी भी घटना की तुरंत सूचना पुलिस को दें।












