Aba News

गिरिडीह में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, प्रेम विवाह के एक माह बाद फांसी लगाकर दी जान

गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह (चौधरी मुहल्ला) में मंगलवार रात एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। जानकारी के अनुसार, एक नवविवाहिता सुलेखा कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुलेखा की शादी मात्र एक माह पूर्व पटना लखीसराय निवासी प्रल्हाद तिवारी से कोर्ट मैरिज के माध्यम से हुई थी। बताया जाता है कि दोनों का प्रेम संबंध काफी समय से था, जो हाल ही में विवाह में बदला था। घटना की रात सुलेखा अपनी मां मुन्नी देवी के साथ सो रही थी, तभी उसके पति का फोन आया। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद सुलेखा अचानक कमरे से बाहर निकली और अपनी मां से बोली “दो मिनट में आती हूं।” लेकिन कुछ देर बाद जब वह लौटी नहीं, तो परिवार वालों ने खोजबीन की और देखा कि उसने दूसरे कमरे में जाकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। जब दरवाजा तोड़ा गया, तब तक सुलेखा का शव फंदे से झूल रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और सुलेखा को आनन-फानन में गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि सुलेखा के पिता का निधन दस वर्ष पूर्व हो चुका था और वह गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में नर्स का काम कर अपनी मां और छोटे भाई का पालन-पोषण कर रही थी। मां मुन्नी देवी अपनी इकलौती बेटी की असमय मृत्यु से बेसुध हैं और पूरे चौधरी मुहल्ले में मातम पसरा है। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं और सुलेखा की मौत को संदिग्ध मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें