गिरिडीह के टावर चौक पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चाईबासा में आदिवासी भाइयों पर हुए लाठीचार्ज और बर्बर कार्रवाई के विरोध में हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया। इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव ने कहा कि सरकार आदिवासियों की आवाज को दबाने का काम कर रही है। चाईबासा में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए, जो लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है।

प्रदेश और जिला पदाधिकारियों ने एक सुर में कहा कि हेमंत सरकार लगातार आदिवासी विरोधी नीतियों पर चल रही है। सिद्धू-कानू के वंशजों पर लाठीचार्ज, सूर्य हादसा जैसे आदिवासी नेताओं के एनकाउंटर और कृषि योग्य जमीन को जबरन अधिग्रहण करने की कोशिश इस सरकार की असंवेदनशीलता को दिखाती है। कार्यक्रम में संदीप डगेच, कामेश्वर पासवान, विनय सिंह, हरविंदर सिंह बग्गा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।












