एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से होने जा रही है और क्रिकेट प्रेमियों की नजरें खासतौर पर 14 सितंबर पर टिकी हैं, जब भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। पहले यह कयास लगाए जा रहे थे कि टीम इंडिया इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का बहिष्कार कर सकती है। लेकिन अब बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने पहली बार साफ कर दिया है कि भारत पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा। सैकिया ने कहा कि किसी भी मल्टीटीम टूर्नामेंट में भागीदारी और उससे जुड़े फैसले केंद्र सरकार की नीतियों और दिशानिर्देशों के आधार पर किए जाते हैं। ऐसे में एशिया कप में भारत का पाकिस्तान से मुकाबला तय है।
सैकिया ने इंटरव्यू में स्पष्ट किया कि पाकिस्तान का पूर्ण बहिष्कार खेल के लिहाज से संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर भारत किसी मल्टीटीम टूर्नामेंट में पाकिस्तान से खेलने से इंकार करता है तो एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) या आईसीसी की ओर से कड़े कदम उठाए जा सकते हैं। इस स्थिति में न सिर्फ भारतीय क्रिकेट बोर्ड बल्कि खिलाड़ियों का भविष्य भी दांव पर लग सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार ने महासंघों और खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए ही यह नीति बनाई है कि पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली जाएगी, लेकिन मल्टीटीम टूर्नामेंट में मुकाबला होगा।
भारत और पाकिस्तान दोनों एक ही ग्रुप में हैं, ऐसे में 14 सितंबर का मैच तो निश्चित है ही, लेकिन संभावना है कि दोनों सुपर-4 में पहुंचेंगे और फिर 21 सितंबर को एक बार फिर भिड़ंत हो सकती है। इसके अलावा यदि दोनों टीमें फाइनल में आमने-सामने होती हैं तो इस बार एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच तीन मुकाबले देखने को मिल सकते हैं। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह किसी रोमांचक सीरीज से कम नहीं होगा। वहीं, बीसीसीआई का यह रुख साफ करता है कि भारत खेल और राजनीति को अलग रखते हुए वैश्विक मंच पर अपनी जिम्मेदारी निभाना चाहता है।












