Aba News

पिता की यादों में डूबा सीएम हेमंत का जन्मदिन, नेताओं और जनता ने दी शुभकामनाएं

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने 50वें जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखकर अपने दिवंगत पिता और झारखंड राज्य के निर्माता, दिशोम गुरु शिबू सोरेन को याद किया। उन्होंने लिखा कि बाबा अब भले ही सशरीर साथ नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें हर पल उनके साथ हैं — सूरज की रोशनी, पेड़ों की छाया, बहती हवा, नदी की धार और अग्नि की लौ में वे हर जगह मौजूद हैं। हेमंत ने भावुक होकर कहा कि बाबा ने उन्हें सत्य, संघर्ष और निडर होकर जनता की सेवा करने की प्रेरणा दी, और अब वे प्रकृति और इस मिट्टी के हर हिस्से में बसते हैं। उन्होंने संदेश के अंत में लिखा — “वीर दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहें! जय झारखंड!”

सीएम हेमंत के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल संतोष गंगवार, राहुल गांधी, विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो समेत कई नेताओं ने शुभकामनाएं दीं। राहुल गांधी ने कठिन समय में उनके साथ होने का भरोसा जताया, वहीं विधानसभा अध्यक्ष ने उनके संघर्ष, सादगी और जमीन से जुड़े व्यक्तित्व की सराहना की। झामुमो के कई वरिष्ठ नेताओं, सांसदों और मंत्रियों के साथ-साथ हजारों समर्थकों ने सोशल मीडिया और नेमरा गांव पहुंचकर उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की। 10 अगस्त 1975 को रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में जन्मे हेमंत सोरेन का जीवन कभी इंजीनियर बनने के सपने से शुरू हुआ था, लेकिन 2009 में बड़े भाई दुर्गा सोरेन के निधन के बाद उन्होंने झामुमो की कमान संभाली। आज, वे अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए संघर्षरत हैं और जनता उन्हें संवेदनशील, संघर्षशील और सच्चे जन-नेता के रूप में देखती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें