गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के अंतर्गत कुम्हारलालो स्थित नवनिर्मित जैव विविधता पार्क में 76वें वन महोत्सव का आयोजन “एक वृक्ष मां के नाम 2.0” थीम पर किया गया। जलवायु परिवर्तन से लड़ने, मिट्टी के कटाव को रोकने और जैव विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम को दिशोम गुरु दिवंगत शिबू सोरेन के निधन के कारण सादगी से मनाया गया। शुरुआत में उनके चित्र पर माल्यार्पण और मौन व्रत के बाद अतिथियों ने वृक्षारोपण किया तथा ग्रामीणों को वन संरक्षण का संकल्प दिलाया।

ग्रामीणों के बीच फलदार पौधों का वितरण भी किया गया। वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार तिवारी ने बताया कि 94 हेक्टेयर में बन रहे इस पार्क में 300 प्रजातियों के 50,000 पौधे लगाए जाएंगे, जो झारखंड का सबसे बड़ा जैव विविधता पार्क होगा। जिला पर्यावरण समिति सदस्य राज कुमार राज ने इसे सतत प्रयास का हिस्सा बताया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज मरांडी, जिला परिषद अध्यक्षा मुनिया देवी समेत कई जनप्रतिनिधि, वनकर्मी और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।













