उत्तर प्रदेश में बाढ़ को लेकर सियासत तेज हो गई है। विपक्ष द्वारा सरकार की तैयारियों पर सवाल खड़े करने के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव को मानसिक विक्षिप्त तक कह डाला। उन्होंने साफ कहा कि प्रकृति से कोई नहीं लड़ सकता, लेकिन भाजपा और सरकार के कार्यकर्ता हर बाढ़ पीड़ित की मदद में जुटे हुए हैं।
केशव मौर्य यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और उनकी पार्टी सिर्फ जुबानी हमलों में माहिर है। सपा के कार्यकाल में बाढ़ राहत का पैसा भ्रष्टाचारियों की जेब में चला जाता था। जनता अब जानती है कि सेवा कौन कर रहा है और राजनीति कौन। उन्होंने यह भी दावा किया कि 2047 तक सपा की सरकार का सपना भी नहीं देखा जा सकता।
डिप्टी सीएम ने पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के विवादित बयानों पर भी विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि प्रज्ञा ठाकुर को साजिश के तहत फंसाया गया था और अदालत ने साबित कर दिया कि भगवा आतंकवाद का प्रतीक नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जैसी पार्टियां समाज को बांटने का काम कर रही हैं।
मणिशंकर अय्यर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केशव मौर्य ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को पागलपन के दौरे पड़ रहे हैं। पहलगाम हमले पर अय्यर की बयानबाजी को देशद्रोही मानसिकता का उदाहरण बताया और कहा कि कांग्रेस अब पाकिस्तान की बहन पार्टी बन चुकी है। भाजपा नेता का यह तीखा हमला उत्तर प्रदेश की सियासी गरमी को और बढ़ा सकता है।












