क्या आपने कभी सोचा है कि जेब में रखा मोबाइल फोन मौत का पैगाम बन सकता है? पाकुड़ जिले के एक गांव में बुधवार की सुबह जो हुआ, उसने गांव की हवा को मातम में बदल दिया। आकाश से आई एक बिजली की चिंगारी, एक मोबाइल में समाई… और फिर हुआ एक ऐसा धमाका, जिसने एक युवा की जिंदगी छीन ली।
यह दर्दनाक हादसा झारखंड के पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत सिमलौंग ओपी क्षेत्र के बड़ाघघरी गांव में हुआ। सुबह के वक्त जब गांव पर हल्की बारिश हो रही थी, तभी 19 वर्षीय चंदन मड़ैया और 17 वर्षीय निर्मल मड़ैया खेत की ओर शौच के लिए निकले थे। उसी दौरान चंदन अपने मोबाइल पर कुछ देख रहा था कि अचानक तेज चमक के साथ आसमानी बिजली गिरी। बिजली सीधी चंदन के मोबाइल फोन पर गिरी, जो उसकी जेब में रखा हुआ था। मोबाइल जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे चंदन बुरी तरह झुलस गया और वहीं गिर पड़ा। वहीं, पास में खड़ा निर्मल भी बिजली की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
बिजली गिरते ही जोरदार धमाका हुआ, जिसे सुनकर आसपास के लोग खेत की ओर दौड़े। जब ग्रामीणों ने चंदन और निर्मल को बेजान हालत में पड़ा देखा, तो उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों ने बिना देरी किए दोनों को लिट्टीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने चंदन को मृत घोषित कर दिया। निर्मल की हालत गंभीर होने पर उसे पाकुड़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। चंदन की मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घरवालों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही सिमलौंग ओपी से पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस को गांववालों ने बताया कि यह हादसा मोबाइल पर आकाशीय बिजली गिरने से हुआ है। यह घटना एक गंभीर चेतावनी है कि बारिश या तूफान के दौरान खुले में मोबाइल या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का इस्तेमाल खतरनाक साबित हो सकता है। विशेषज्ञ भी कहते हैं कि तेज बारिश या आंधी-तूफान के वक्त मोबाइल या मेटल से बनी चीजें बिजली को अपनी ओर आकर्षित करती हैं, जिससे जान का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
चंदन की मौत ने न सिर्फ उसके परिवार को तोड़ा है, बल्कि पूरे गांव को एक गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव के लोगों का कहना है कि चंदन बहुत मेहनती और शांत स्वभाव का युवक था। उसकी अभी शादी भी नहीं हुई थी।












