गिरिडीह का ऐतिहासिक झंडा मैदान इन दिनों बदहाल स्थिति में है। लगातार बारिश के कारण पूरा मैदान कीचड़ और जलजमाव से भर गया है, जिससे मॉर्निंग वॉक और खेलकूद जैसी गतिविधियां पूरी तरह ठप हो गई हैं। मैदान स्थित शौचालय भी गंदगी से अटा पड़ा है, जिससे इलाके में दुर्गंध और अस्वस्थ्य वातावरण बना हुआ है। नगर निगम की लापरवाही से तंग आकर मंगलवार को स्थानीय लोगों ने खुद ही सफाई का बीड़ा उठाया और दर्जनों की संख्या में लोग झाड़ू, फावड़ा और बाल्टी लेकर मैदान की सफाई में जुट गए।

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम सिर्फ मेला आयोजन की अनुमति देकर अपनी जिम्मेदारी भूल जाता है, जबकि बाद में मैदान की सफाई पर कोई ध्यान नहीं देता। लोगों की मांग है कि झंडा मैदान की नियमित सफाई हो और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए। वहीं नगर निगम के अधिकारियों से संपर्क की कोशिश की गई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करेंगे।













