Aba News

चाईबासा में आकाशीय बिजली का कहर: CRPF अधिकारी की मौत, चार अन्य गंभीर रूप से घायल

झारखंड के चाईबासा जिले के सारंडा जंगल में आकाशीय बिजली गिरने की दर्दनाक घटना सामने आई है। गुरुवार देर रात हुई इस घटना में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के सेकेंड इन कमांड एम. प्रोबो सिंह की मौत हो गई है। वे 26वीं बटालियन में तैनात थे। वहीं, इसी हादसे में CRPF के सहायक कमांडेंट सुबीर मंडल और झारखंड पुलिस की जगुआर यूनिट के दो एएसआई – सुदेश और चंदलाल हांसदा – गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और फिर हालत बिगड़ने पर उन्हें रांची रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि यह हादसा CRPF कैंप के पास उस वक्त हुआ जब अधिकारी बाहर खुले में मौजूद थे। अचानक आसमान से बिजली गिरी और सभी चारों उसकी चपेट में आ गए। मौके पर अफरातफरी मच गई और सभी को तुरंत उपचार के लिए भेजा गया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे बल और इलाके में शोक की लहर फैला दी है। अधिकारी एम. प्रोबो सिंह की मौत से सुरक्षा बलों में गहरा दुख है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और जवानों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
इस बीच, मौसम विभाग ने पूरे झारखंड में आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, बिहार से झारखंड के ऊपर एक टर्फ लाइन गुजर रही है, जिससे मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। इस कारण 19 मई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई गई है। 16 मई से तापमान में गिरावट शुरू होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि, बिजली गिरने की घटनाओं के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है।

बीते 24 घंटों में झारखंड के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा वर्षा 44.6 मिमी हाटगम्हरिया (पश्चिम सिंहभूम) में हुई, वहीं डाल्टेनगंज में सबसे अधिक तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस और खूंटी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 17 से 19 मई तक येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कहीं-कहीं तेज गरज, बिजली चमकने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। नागरिकों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें