गिरिडीह के गोवर्धन लाल नर्सिंग होम में बुधवार को 11 माह के मासूम की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कंपाउंडर मुकेश कुमार की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश हो गया। घटना की सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत किया।

इसके बावजूद परिजन मासूम का शव लेकर सड़क पर बैठ गए और जाम लगा दिया। डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने कार्रवाई के लिए परिजनों से लिखित आवेदन मांगा, लेकिन वे पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं हुए। मामले की जांच की मांग को लेकर सिविल सर्जन को भी आवेदन दिया गया।
वहीं गोवर्धन लाल नर्सिंग होम के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ संदीप कुमार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बच्ची की मौत अस्पताल में नहीं हुई थी। वह बुखार, उल्टी और सांस की दिक्कत के कारण भर्ती के लिए आई थी। डॉक्टर के अनुसार, परिजनों को गंभीर हालत की जानकारी दी गई और ICU में भर्ती की सलाह दी गई थी, लेकिन उन्होंने खुद ही भर्ती से इनकार कर बच्ची को बाहर ले जाने का फैसला किया।













