भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए केंद्र सरकार ने देश की सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए बड़ा कदम उठाया है। 7 मई को पूरे देश के 244 जिलों में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल और ब्लैकआउट एक्सरसाइज की जाएगी, जिसमें आम नागरिकों की तैयारी और जागरूकता को परखा जाएगा।
झारखंड के पांच जिलों — रांची, जमशेदपुर, गोड्डा, साहिबगंज और बोकारो (जिसमें गोमिया भी शामिल है) — में इस मॉक ड्रिल के तहत हमले के समय बजने वाले सायरन भी बजाए जाएंगे। इसका उद्देश्य है लोगों को आपात स्थिति में सही तरीके से प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार करना।
इस मॉक ड्रिल के मद्देनजर झारखंड की मुख्य सचिव आज शाम 4 बजे एक अहम बैठक करेंगी, जिसमें जिलेवार तैयारी की समीक्षा की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
सरकार की इस कवायद का मकसद है कि किसी भी युद्ध या आपातकालीन स्थिति में नागरिकों और प्रशासन दोनों की तैयारियों को मजबूत किया जा सके। नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और ड्रिल में सहयोग करें।












