गिरिडीह : गिरिडीह के शिक्षक सह कवि भीम कुमार को वर्ष 2024 का खोरठा साहित्य का प्रतिष्ठित सम्मान श्रीनिवास पानुरी खोरठा प्रबुद्घ सम्मान से सम्मानित किया गया। बुधवार को इन्होंने इसकी जानकारी दी। यह सम्मान खोरठा भाषा साहित्य विकास मंच बरवाअड्डा,धनबाद तथा परास फूल के सम्पादक महेन्द्र प्रबुद्ध के द्वारा प्रतिवर्ष खोरठा भाषा साहित्य में उल्लेखनीय कार्य एवं विशिष्ट योगदान के लिए दिया जाता है। इस वर्ष श्रीनिवास पानुरी जी की 104 वीं जयंती समारोह के अवसर पर टुंडी विधायक मथुरा महतो के कर कमलों द्वारा यह सम्मान प्रशस्ति पत्र,अंग वस्त्र तथा मेडल देकर भीम कुमार को सम्मानित गया।
यह सम्मान खोरठा साहित्य में अमूल्य योगदान तथा उनकी दूसरी स्वरचित व पहली खोरठा कविता संग्रह “हमर सोना झारखंड” के लिए दिया गया।साथ ही श्री कुमार सहित झारखंड के छःरचनाकारों जिनमें नेतलाल यादव शिक्षक,राजकुमार झा लेखक,राजेश कुमार ओझा लेखक,रोहित कुमार सिंह शिक्षक,मिनाक्षी राय प्राजिता ( कवयित्री ) को भी सम्मान दिया गया। भीम कुमार को खोरठा साहित्य का यह सम्मान मिलने पर शिक्षाविदों, साहित्य प्रेमियों एवं समाजसेवियों द्वारा बधाई देने का तांता लगा हुआ है।



