Aba News

पिकअप की टक्कर से ठेला चलाने वाले युवक की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

गिरिडीह। जिले के गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहारी के पास सड़क हादसे में ठेला पर छोला-गुपचुप बेचने वाले एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान गांडेय थाना क्षेत्र के दासडीह निवासी प्रिंस कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।मृतक के जीजा प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रिंस कुमार गांडेय के कोयरीडीह में आयोजित यज्ञ में छोला-गुपचुप बेचकर देर रात ठेला लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गांडेय की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रिंस गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

उन्होंने बताया कि वे खुद बाइक से पीछे आ रहे थे। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद आनन-फानन में घायल प्रिंस को सदर अस्पताल गिरिडीह लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। धनबाद से स्थिति गंभीर देखते हुए उसे रांची भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें