Aba News

बाबू जगजीवन राम की 119वीं जयंती पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

: महान स्वतंत्रता सेनानी एवं प्रख्यात राष्ट्रीय नेता बाबू जगजीवन राम की 119वीं जयंती के अवसर पर 5 अप्रैल 2026 को उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बाबू जगजीवन राम राष्ट्रीय फाउंडेशन और भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में दिल्ली गेट स्थित समता स्थल पर सुबह 7:30 से 8:00 बजे के बीच पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर भारत के पूर्व राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती मीरा कुमार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री श्री बी. एल. वर्मा, लोकसभा सांसद श्री मनोज कुमार, मंत्रालय के सचिव श्री सुधांश पंत सहित कई गणमान्य व्यक्तियों एवं सैकड़ों अनुयायियों ने बाबूजी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसके पश्चात सुबह 9:30 बजे 6, कृष्णा मेनन मार्ग, नई दिल्ली में सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर बाबू जगजीवन राम के आदर्शों को याद किया।

बाबू जगजीवन राम स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी नेताओं में शामिल थे और उन्होंने दलितों तथा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। लगभग 35 वर्षों तक केंद्रीय मंत्रिमंडल में रहते हुए उन्होंने कई अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाली। खाद्य एवं कृषि मंत्री के रूप में हरित क्रांति को गति देने तथा रक्षा मंत्री के रूप में 1971 के ऐतिहासिक युद्ध के दौरान देश का नेतृत्व करने में उनकी भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें