गिरिडीह गांडेय थाना क्षेत्र के झरघट्टा गांव में हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शाम करीब 5:30 बजे टिंकू मारिक उर्फ चौहान को गोली मार दी गई थी। घायल को पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया। मामले में गांडेय थाना कांड संख्या 12/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
जांच में सामने आया कि घटना के समय सभी दोस्त साथ बैठकर शराब पी रहे थे, तभी टिंकू मारिक के पास मौजूद पिस्टल से उसके दोस्त जागेश्वर मरिक उर्फ छोटका ने गोली चला दी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर देशी पिस्तौल, मैगजीन, 7.65 एमएम की जिंदा गोली और एक खोखा बरामद किया गया। आर्म्स एक्ट के तहत अलग मामला भी दर्ज किया गया है। कार्रवाई में एसडीपीओ सदर जितवाहन उरांव सहित पुलिस टीम शामिल रही।











