गिरिडीह रामनवमी पर्व को लेकर गिरिडीह जिले में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पर्व के दौरान निकलने वाले जुलूस, अखाड़ा एवं झांकी को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर थाना, पचंबा थाना एवं मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के विभिन्न जुलूस मार्गों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से विशेष निगरानी की जा रही है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

मंगलवार को सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुफ्फसिल इंस्पेक्टर व थाना प्रभारी श्याम कुमार महतो सहित पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने ड्रोन सर्विलांस के जरिए प्रमुख चौक-चौराहों और गलियों का जायजा लेकर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की तथा जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीपीओ ने बताया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की है।












