गिरिडीह में रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के डीआईजी अंजनी कुमार झा सोमवार को जिले पहुंचे। उन्होंने एसपी कार्यालय में पुलिस अधीक्षक, सभी एसडीपीओ और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में जुलूस मार्ग, संवेदनशील इलाकों और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। डीआईजी ने अधिकारियों से आवश्यक संसाधनों की जानकारी लेते हुए हर स्तर पर सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।


उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, प्रमुख चौक-चौराहों और जुलूस मार्गों पर सीसीटीवी से निगरानी सुनिश्चित करने तथा पूर्व में असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रखने के निर्देश दिए। डीआईजी ने बताया कि पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल भी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने नागरिकों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।











