गिरिडीह। जिला उपायुक्त श्री रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिले में ओवरलोडेड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी श्री संतोष कुमार के नेतृत्व में जीटी रोड डुमरी के समीप भारी एवं ओवरलोडेड वाहनों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, ओवरलोडिंग पर रोक तथा यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करना था।जांच के दौरान ट्रक, ट्रेलर और डंपर सहित भारी मालवाहक वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई। अभियान के दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक माल लेकर चल रहे कुल 05 वाहनों को जब्त किया गया। जांच में पाया गया कि ये वाहन नियमों का उल्लंघन करते हुए ओवरलोड होकर चल रहे थे, जिससे सड़क सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था। कार्रवाई के तहत 02 वाहनों को निमियाघाट थाना में सीज किया गया, जबकि 03 वाहनों से करीब 78 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी श्री संतोष कुमार ने कहा कि ओवरलोडिंग सड़क हादसों का एक प्रमुख कारण है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ सड़कों और पुल-पुलियों को भी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने वाहन चालकों एवं मालिकों से निर्धारित मानकों का पालन करने और ओवरलोडिंग से बचने की अपील की।
अभियान में पुलिस विभाग की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे जांच कार्य प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ऐसे वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस पहल से जिले की यातायात व्यवस्था मजबूत होने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।












