गिरिडीह; के सरिया थाना क्षेत्र के नावाडीह में संदिग्ध हालात में 19 वर्षीय युवक का शव कुएं से मिला, दो दिन से था लापता; परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी
गिरिडीह। सरिया थाना क्षेत्र के नावाडीह में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 19 वर्षीय युवक का शव घर के पीछे स्थित कुएं से बरामद किया गया। मृतक की पहचान कृष कुमार पासवान (19 वर्ष), निवासी ग्राम जगरनाथडीह थाना जमुआ के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, कृष कुमार 19 मार्च को अपने ननिहाल नावाडीह स्थित रोहित पासवान के घर पूजा में शामिल होने आया था। उसी दिन शाम करीब 8 बजे से वह संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गया। परिजनों और ननिहाल पक्ष द्वारा काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

घटना के दो दिन बाद शनिवार को ग्रामीणों ने घर के पीछे स्थित कुएं में युवक का शव तैरता हुआ देखा। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना सरिया पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह भेज दिया।मृतक के परिजनों ने इस घटना को हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कृष कुमार का राजधनवार थाना क्षेत्र के खैरवानी गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि युवती के परिजन उसे लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे। ऐसे में युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में कुएं से मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है।

हालांकि, इस मामले में अब तक सरिया थाना में परिजनों द्वारा कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। थाना प्रभारी आलोक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।इधर, घटना की जानकारी मिलते ही आजसू नेता अनूप पांडेय, भाजपा नेता टिंकू साव और डिम्पल राणा समेत कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।











