गिरिडीह जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित कर आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनता दरबार का उद्देश्य प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का पारदर्शी एवं त्वरित निवारण सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान जमीन विवाद, पेंशन योजना, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा एवं सड़क निर्माण से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं। कुछ मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि जटिल मामलों को निर्धारित समय सीमा में निष्पादित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी, जन शिकायत कोषांग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












