गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग ने ओवरलोडेड वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में ताराटांड़ थाना और महतोडीह पिकेट के पास विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ट्रक, ट्रेलर और डंपर सहित भारी मालवाहक वाहनों की जांच की गई, जिसमें निर्धारित क्षमता से अधिक माल ढोते पाए जाने पर कुल 11 वाहनों को जब्त किया गया। महतोडीह पिकेट से 7 और ताराटांड़ थाना क्षेत्र से 4 ओवरलोडेड वाहनों पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना प्रक्रिया शुरू की गई।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि ओवरलोडिंग सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण है और इससे सड़कों व पुलों को भी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने वाहन मालिकों और चालकों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि आगे भी ऐसे वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान जारी रहेगा। पुलिस विभाग के सहयोग से चलाए गए इस अभियान को सड़क सुरक्षा मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।











