गिरिडीह नगर निगम के नव निर्वाचित उप महापौर सुमित कुमार बुधवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचे, जहां निगम कर्मियों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कर्मचारियों ने उन्हें बुके और माला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान उप महापौर ने कर्मियों से मुलाकात कर उनके कार्यों की जानकारी ली तथा कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों से उन्हें अवगत कराया। कर्मियों ने उम्मीद जताई कि उनकी लंबित समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।

उप महापौर सुमित कुमार ने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा और समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आगामी ईद, चैती छठ और रामनवमी पर्व को देखते हुए शहर की साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, सड़क स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि पर्वों के दौरान शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सभी कर्मी समर्पित होकर कार्य करें, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मौके पर कर्मचारी संघ के कई सदस्य उपस्थित रहे।











