गिरिडीह शहर के मौलाना आज़ाद चौक पर मंगलवार को एक डिलीवरी बॉय के साथ हुई मारपीट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। भंडारीडीह निवासी 22 वर्षीय अभिजीत कुमार, जो ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत है, ड्यूटी के दौरान सड़क किनारे बाइक खड़ी कर ग्राहक से बात कर रहा था। इसी दौरान एक अन्य बाइक सवार ने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी। विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

आरोप है कि बाइक सवार ने अभिजीत के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसके बाद मौके पर जुटी करीब 40–50 लोगों की भीड़ ने भी उसकी पिटाई कर दी। जान बचाने के लिए वह पास के ट्रैफिक पोस्ट में घुस गया, लेकिन हमलावर उसे वहां से बाहर खींचकर फिर मारने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घायल युवक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान की जा रही है।











