गिरिडीह खोरीमहुआ अनुमंडल कार्यालय सभागार में आयोजित समारोह में उपायुक्त रामनिवास यादव ने धनवार नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनय कुमार संथालिया सहित 11 वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सभागार में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उपायुक्त ने सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने उन्हें विश्वास के साथ चुना है, इसलिए उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने पारदर्शिता, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ काम करने पर विशेष जोर दिया।

शपथ ग्रहण के दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों ने संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए निष्पक्षता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। उपायुक्त ने कहा कि स्थानीय निकाय विकास की रीढ़ होते हैं और सभी प्रतिनिधियों को मिलकर अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देनी चाहिए। साथ ही उन्होंने जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की अपील की।












