गिरिडीह। जिले के चक्रदाहा ग्राम से चपूवाडीह पंचायत को जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बेहद जर्जर स्थिति में पहुंच गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बनने से इस मार्ग पर आवागमन करना लोगों के लिए काफी कठिन और जोखिम भरा हो गया है। कई स्थानों पर हालात ऐसे हैं कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। यह सड़क आसपास के कई गांवों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन विद्यार्थी, किसान, व्यापारी और आम लोग आवागमन करते हैं। खराब सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है।

इस मामले को उठाते हुए सामाजिक कार्यकर्ता सुनील कुमार खंडेलवाल ने झारखंड सरकार से सड़क की स्थिति का शीघ्र निरीक्षण कर मरम्मत या पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। खंडेलवाल के आवेदन को कार्रवाई के लिए झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, रांची को अग्रसारित कर दिया गया है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है।












