गिरिडीह समाहरणालय परिसर में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नए पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन किया गया। उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने विधिवत फीता काटकर डाकघर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी तथा डाक विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने कहा कि इस नई सुविधा के शुरू होने से समाहरणालय में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को डाक सेवाओं का लाभ अब एक ही परिसर में आसानी से मिल सकेगा, जिससे सरकारी कार्यों में भी सुविधा और गति आएगी।


उद्घाटन के दौरान उपायुक्त ने कहा कि डाकघर केवल पत्रों के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं, बल्कि विभिन्न वित्तीय और सरकारी सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र भी है। यहां स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, मनी ऑर्डर, बचत खाता, डाक जीवन बीमा और सुकन्या समृद्धि योजना सहित कई सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पोस्ट ऑफिस के काउंटरों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आमजन को त्वरित, पारदर्शी और सम्मानजनक सेवा देने के निर्देश भी दिए।












