गिरिडीह शहर के महादेव तालाब के पास पिस्टल लहराते एक युवक को पुलिस ने खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लाल टी-शर्ट पहने एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही गश्ती दल के पदाधिकारी प्रमोद कुमार, हवलदार महेश कुमार यादव और नसीरूद्दीन अंसारी मौके पर पहुंचे। पुलिस वाहन को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

पकड़े गए युवक की पहचान मो. रमजान अंसारी (22) के रूप में हुई है, जो झगरी, थाना मुफ्फसिल क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक देशी पिस्तौल बरामद हुआ, जिसमें 315 बोर का एक जिंदा कारतूस लोड था। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 57/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।












