गिरिडीह पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी की 9 बाइक बरामद की है। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पचंबा थाना पुलिस ने विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बनखंजो क्षेत्र के पास बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें खदेड़कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने बाइक चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शक्ति चौधरी और दीपक चौधरी के रूप में हुई है।


आरोपियों की निशानदेही पर खंडोली इलाके में छापेमारी कर चोरी की 6 बुलेट, 2 अपाची और 1 हीरो होंडा समेत कुल 9 बाइक बरामद की गई। पुलिस के अनुसार गिरोह अलग-अलग क्षेत्रों से बाइक चोरी कर ग्राहकों को बेचता था। इस कार्रवाई को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। छापेमारी दल में डीएसपी कौसर अली सहित पचंबा एवं बेंगाबाद थाना पुलिस के कई अधिकारी शामिल रहे।











