गिरिडीह के गिरिडीह कॉलेज में सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने 8 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन किया। इस दौरान छात्रों ने कॉलेज परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए तालाबंदी कर दी। कॉलेज प्रशासन द्वारा पुलिस को सूचना देने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कई छात्र कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि संगठन हमेशा विद्यार्थियों के हितों के लिए आवाज उठाता है और उनकी मांगों को दबाने के लिए पुलिस कार्रवाई की गई है।


छात्रों की प्रमुख मांगों में कॉलेज में पीजी की पढ़ाई शुरू करना, शिक्षकों की कमी दूर करना, परिसर में असामाजिक तत्वों के प्रवेश पर रोक लगाना, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित करना शामिल है। वहीं एसडीएम श्रीकांत विषपुते ने बताया कि बिना अनुमति तालाबंदी कर आंदोलन करने से नए छात्रों की नामांकन प्रक्रिया बाधित हुई। उन्होंने कहा कि कुछ छात्रों को हिरासत में लिया गया है, जिन्हें पीआर बांड पर छोड़ दिया जाएगा। आंदोलन के दौरान नीरज चौधरी, अनीश रॉय, कृष पासवान और संदीप वर्मा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।












