गिरिडीह समाहरणालय में सोमवार को आयोजित सम्मान समारोह में सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले जिले के प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने सफल अभ्यर्थी करण कुमार सेठ और नाजिया परवीन के पिता को शॉल, प्रशस्ति पत्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। उपायुक्त ने कहा कि दोनों ने कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।


उपायुक्त ने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर ईमानदारी और निरंतर परिश्रम के साथ पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को निश्चित रूप से सफलता मिलती है। उन्होंने कहा कि इनकी उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा है। इस अवसर पर करण कुमार सेठ ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और निरंतर मेहनत को दिया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भी दोनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












