गिरिडीह-बेंगाबाद प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित अंचल उद्यान में रविवार की रात अचानक भीषण आग लग गई। बताया गया कि उद्यान की झाड़ियों में आग लगने के बाद तेज लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग पूरे क्षेत्र में फैल गई। उद्यान के पास ही प्रखंड और अंचल के सरकारी आवास होने के कारण इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की नजर आग पर पड़ते ही इसकी सूचना तुरंत अंचल अधिकारी अमीर हमजा को दी गई।

सूचना मिलते ही अंचल अधिकारी ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके बाद अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सीओ अमीर हमजा ने बताया कि वे परीक्षा ड्यूटी में थे, इसी दौरान उन्हें मोबाइल पर आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और अग्निशमन टीम को बुलाकर आग बुझाने की कार्रवाई कराई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।










