गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरी–देवघर मुख्य मार्ग पर फतेहपुर के समीप शनिवार मध्यरात्रि श्रद्धालुओं से भरी एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन पर सवार एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। सभी लोग नवादा (बिहार) से मुंडन संस्कार कराने बाबाधाम जा रहे थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा गया।


जानकारी के अनुसार फतेहपुर के पास सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में स्कॉर्पियो चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकराते हुए गड्ढे में पलट गया। इस हादसे में रागिनी देवी, नितिन सिंह सहित पांच लोग घायल हो गए, जबकि दो लोगों को हल्की चोट आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाज के बाद सभी लोग वापस नवादा लौट गए।










