Aba News

मकतपुर में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत सप्ताह का शुभारंभ

गिरिडीह शहर के मकतपुर चौक स्थित श्री महिला सत्संग शांति भवन में रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ 51 श्रीमद्भागवत मूलपाठ एवं सप्ताह ज्ञानयज्ञ का शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लेकर नगर भ्रमण किया। पूरे रास्ते जय श्रीकृष्ण और हरि नाम संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कथा प्रारंभ होने से पहले विधि-विधान के साथ गणपति पूजन और भागवत पूजन किया गया। इस आयोजन में आचार्य राजेश शर्मा (लक्ष्मणगढ़, सीकर, राजस्थान) व्यासपीठ से विद्वान ब्राह्मणों के साथ श्रीमद्भागवत कथा का वाचन और व्याख्यान करेंगे।

यह धार्मिक कार्यक्रम 8 मार्च से 14 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा। सप्ताह भर चलने वाली कथा में भगवान के विभिन्न अवतारों और लीलाओं का वर्णन किया जाएगा, जिसमें वाराह, कपिल, वामन, राम और श्रीकृष्ण की लीलाओं से लेकर गोवर्धन पूजा, कंस वध, रुक्मिणी विवाह और सुदामा चरित्र तक के प्रसंग शामिल हैं। आयोजन को सफल बनाने में राधा वल्लभ श्रीकृष्ण मंडल के सदस्यों की सक्रिय भूमिका है। मंडल के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ लेने की अपील की है। पूरे क्षेत्र में इस धार्मिक आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें