गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र अंतर्गत कजरो–पिंडाटांड़ मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया गया कि पिंडाटांड़ से कुछ दूर आगे सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे युवक का शव पड़ा हुआ था। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय मुखिया को दी। सूचना मिलते ही पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।


पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान मृतक की पहचान बडीयाबाद निवासी 22 वर्षीय इब्राहीम अंसारी उर्फ कारू अंसारी, पिता रहमान अंसारी के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार कारू अंसारी ट्रैक्टर चालक था और शनिवार रात काम के सिलसिले में घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह उसका शव मिलने की खबर मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।











