गिरिडीह शहर के हुट्टी बाजार स्थित दास टोला में गुरुवार देर रात डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान चाकू और उस्तरा से हुए हमले में 30 वर्षीय अजय दास की मौत हो गई, जबकि उसके भाई राजेश दास, परदूम दास और प्रेम दास गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार होली के बाद मोहल्ले में डीजे बज रहा था। इसी दौरान बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर मामला बढ़ गया। बीच-बचाव करने पहुंचे अजय दास और उसके भाइयों पर कुछ युवकों ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही नीरज कुमार सिंह और नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।












