गिरिडीह में होली पर्व के मद्देनज़र शांति, सद्भाव और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने संयुक्त आदेश जारी किया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिले के संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रहेगी। पुलिस गश्ती दल लगातार भ्रमणशील रहेंगे और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

संयुक्त आदेश में डीजे, तेज ध्वनि विस्तारक यंत्र और अश्लील गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध की बात कही गई है। निर्धारित समय सीमा के बाद लाउडस्पीकर के उपयोग पर रोक रहेगी। शराब पीकर वाहन चलाने, जबरन रंग लगाने और हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
सोशल मीडिया पर भी 24 घंटे निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। भ्रामक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि होली प्रेम, सौहार्द और आपसी सम्मान के साथ मनाई जाए।












