गिरिडीह नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को प्रत्याशी गौरव कुमार ने समाहरणालय परिसर में अपर समाहर्ता विजय सिंह बिरुवा के समक्ष विधिवत अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले गौरव कुमार के नेतृत्व में शहर में भव्य शक्ति प्रदर्शन किया गया। कोलडीहा पुराने बस स्टैंड से शुरू हुई बाइक रैली में सैकड़ों समर्थक शामिल हुए, जो शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरते हुए समाहरणालय पहुंची। रैली के दौरान नारेबाजी और उत्साह से पूरा माहौल चुनावी रंग में रंगा नजर आया।


बाइक रैली में युवाओं की बड़ी भागीदारी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। नामांकन के बाद गौरव कुमार ने कहा कि वे गिरिडीह के समग्र विकास, बेहतर नागरिक सुविधाओं और पारदर्शी प्रशासन के संकल्प के साथ मैदान में उतरे हैं। उन्होंने जनता से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि यदि उन्हें अवसर मिला, तो गिरिडीह को एक विकसित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित नगर निगम बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।












