गिरिडीह के हरलाडीह ओपी क्षेत्र में आदिवासी नाबालिग बच्चों के साथ हुए दुष्कर्म के मामले को लेकर आजसू पार्टी ने पुलिस प्रशासन से सख्त और शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में आजसू पार्टी गिरिडीह के कार्यकारी जिला अध्यक्ष सुमित गौरव ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी विमल कुमार को लिखित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि पीरटांड़ थाना अंतर्गत हरलाडीह ओपी के खुखरा पंचायत में 25 जनवरी को दो नाबालिग बच्चों के साथ जघन्य घटना हुई थी, लेकिन आठ दिन बीतने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पार्टी ने इस पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि घटना से समाज में आक्रोश है और पीड़ित परिवार न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है। आजसू ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को सुरक्षा व न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्टी के कई कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।












