झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सह मुखिया शिवनाथ साव ने असंगठित मजदूरों को गुमराह किए जाने का आरोप लगाते हुए यूनियन नेताओं पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कुछ यूनियन नेता मजदूरों के नाम पर केवल अपनी “रोटी सेकने” का काम कर रहे हैं, जबकि मजदूरों के हक और अधिकार आज भी अधूरे हैं।

शिवनाथ साव ने कहा कि बीते 40 वर्षों से मजदूरों की आवाज और उनके अधिकारों की बात की जा रही है, लेकिन आज तक न तो मजदूरों को उनका पूरा हक मिला और न ही उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों के हाथों में मजदूरों की जिम्मेदारी है, वही लोग उन्हें सिर्फ ढाल बनाकर अपने निजी स्वार्थ साध रहे हैं।
उन्होंने मजदूरों से अपील करते हुए कहा कि वे ऐसे कथित नेताओं से सावधान रहें, जो मजदूर हित की बात तो करते हैं, लेकिन असल में उनका शोषण कर रहे हैं। शिवनाथ साव ने कहा कि मजदूर एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए सचेत रहें, तभी उन्हें उनका हक मिल सकेगा।












