गिरिडीह पचंबा थाना क्षेत्र के चैताडीह गांव में शुक्रवार देर शाम बच्चों के बीच क्रिकेट खेलने को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में एक पक्ष के दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खेल के दौरान कहासुनी हुई, जो पहले बच्चों के बीच मारपीट में बदली और बाद में परिजनों के हस्तक्षेप से विवाद और बढ़ गया। कुछ देर के लिए गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मारपीट में घायल बच्चों की पहचान नियाज और अहमद के रूप में हुई है, जिन्हें सिर में गंभीर चोटें आई हैं। परिजन दोनों को तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है और हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। सूचना पर पचंबा इंस्पेक्टर मंटू कुमार और थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है तथा गांव में एहतियातन बल तैनात कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।













