नगरपालिका आम चुनाव 2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन भी जिले के अधिकांश नगर निकायों में नामांकन की रफ्तार धीमी रही। गिरिडीह नगर निगम सहित जिले के अधिकतर निकायों में पूरे दिन नामांकन शून्य रहा।जानकारी के अनुसार, गिरिडीह नगर निगम में महापौर पद के लिए आज कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ, हालांकि इस पद के लिए कुल छह नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री हुई।वहीं नगर निगम के वार्ड संख्या 1 से 9 के अंतर्गत वार्ड नंबर 9 से शास्त्रीनगर निवासी सुलेखा देवी ने संबंधित निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल किया, जो जिले का दिनभर का एकमात्र औपचारिक नामांकन रहा।

इसके अलावा नगर निगम के वार्ड संख्या 10 से 36 तक किसी भी वार्ड में नामांकन नहीं हुआ। बड़की सरैया नगर पंचायत तथा धनवार नगर पंचायत में भी अध्यक्ष पद सहित सभी वार्डों में नाम निर्देशन शून्य रहा। हालांकि, प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार कई संभावित प्रत्याशियों द्वारा नामांकन की तैयारी जारी है, जिससे आने वाले दिनों में नामांकन संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।













